टिहरी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत जिला चिकित्सालय बौराड़ी में की गई। अभियान का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना समाज और स्वास्थ्य विभाग की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश डोभाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी चन्द्र प्रकाश भट्ट, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राकेश भट्ट सहित एएनएम, नर्सिंग अधिकारी और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
