कोटद्वार में 2.37 करोड़ की लागत से बना डबल लेन पुल शुरू, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
पौड़ी गढ़वाल। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में तेली स्रोत नदी पर निर्मित 30 मीटर स्पान डबल लेन पुल का रविवार को लोकार्पण किया गया। करीब 2.37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया।
पुल के संचालन से कोटद्वार–किशनपुरी–चिल्लरखाल मार्ग पर आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। क्षेत्र के हजारों लोगों को वर्षभर बिना किसी बाधा के आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय से इस पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसके बनने से किशनपुर, त्रिलोकपुर, लोकमणिपुर, रामदयालपुर, हल्दूखाता, मनदेवपुर और दलीपपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेषकर बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से होने वाली परेशानी अब काफी हद तक समाप्त होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क और पुल जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास, बेहतर संपर्क और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और अधिकारियों ने भी भाग लिया।
