स्वच्छता और आपदा प्रबंधन के लिए नगर निगम की नई पहल, QRT सेवा शुरू
अमीषा भट्ट
देहरादून में पांच क्विक रिस्पॉन्स टीम वाहन रवाना,
30 प्रशिक्षित कर्मी देंगे त्वरित स्वच्छता और राहत सेवाएं; टोल फ्री नंबर भी जारी
देहरादून 04 जुलाई : शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून ने शुक्रवार को “क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT)” सेवा की शुरुआत की।
नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा और महापौर सौरभ थपलियाल ने संयुक्त रूप से पांच क्विक रिस्पॉन्स टीम वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नगर निगम की इस नई व्यवस्था के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पांच विशेष वाहन तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक वाहन में छह प्रशिक्षित कर्मियों की टीम रहेगी, जो स्वच्छता संबंधी शिकायतों के साथ-साथ प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान भी तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं सफाई कार्य करेगी।
नगर निगम के अनुसार, प्रत्येक क्विक रिस्पॉन्स टीम को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। इनमें ग्रास कटिंग मशीन, बेलचा, फावड़ा, गैंती, सब्बल, झाड़ी काटने वाली तलवार, कुल्हाड़ी, रस्सियां और सुरक्षा उपकरण सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
QRT के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं या प्राकृतिक आपदाओं के बाद मलबा और कचरा हटाने, जलभराव एवं नालियों की आपात सफाई, सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई, बड़े आयोजनों के दौरान अतिरिक्त स्वच्छता व्यवस्था, आग अथवा अन्य आपदाओं में आवश्यक स्वच्छता सहायता तथा अन्य आकस्मिक स्वच्छता संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्विक रिस्पॉन्स टीम नागरिकों को समयबद्ध और प्रभावी स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था शहर की स्वच्छता को मजबूत करने के साथ-साथ आपदा और विशेष परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य देहरादून को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना है। क्विक रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से सफाई संबंधी शिकायतों का तेजी से समाधान होगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि पांचों QRT वाहनों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है और शिकायत मिलते ही टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी। नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 भी जारी किया है, जिस पर संपर्क कर QRT सेवा का लाभ लिया जा सकता है।
इस अवसर पर उप नगर आयुक्त तनवीर मरवाह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि आपातकालीन स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या या विशेष परिस्थिति में टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 पर संपर्क कर क्विक रिस्पॉन्स टीम की सेवाओं का लाभ उठाएं।
