एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध एक्शन मोड में दून पुलिस
गोदाम चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर संरक्षण में
देहरादून, 06जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पटेलनगर पुलिस ने गोदाम में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को ब्रह्मपुरी, पटेलनगर निवासी चौहान हैंडीक्राफ्ट के संचालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी लोहियानगर, निरंजनपुर स्थित फैक्ट्री के पीछे बने गोदाम से अज्ञात चोरों ने कांस्य, तांबे और पीतल की मूर्तियों समेत अन्य सामान चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मंडी के पीछे चक्की टोल मार्ग से राहुल साहनी और गोपाल साहनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वारदात में शामिल एक किशोर को संरक्षण में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने चोरी किए गए कुछ सामान को राह चलते कबाड़ियों को बेच दिया था, जबकि शेष सामान बेचने की तैयारी में थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 किलोग्राम वजनी लोहे की चकरी, दो लोहे के बाट, दो हथौड़े और अन्य लोहे का सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय राहुल साहनी और 27 वर्षीय गोपाल साहनी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के निवासी हैं और वर्तमान में ब्रह्मपुरी, पटेलनगर में किराये पर रह रहे थे।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब चोरी के दौरान बेचे गए अन्य सामान की बरामदगी और मामले में आगे की जांच कर रही है।
