कुत्तों की लड़ाई में मालिकों की हाथापाई: पिटबुल ने किया हमला, लाठियों से किया वार, दरोगा और बेटे का सिर फूटा
पीड़ित का कहना है कि वह अपने पालतू कुत्ते को चेन से बांधकर गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि पड़ोसी धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट का पिटबुल घर के गेट से बाहर निकल आया और उनके कुत्ते की गर्दन पर झपट पड़ा।
पालतू कुत्तों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक पिटबुल के दूसरे पालतू कुत्ते पर झपटने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। इस हमले में शहर कोतवाली में तैनात दरोगा नवीन भारद्वाज और उनके बेटे के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दरोगा के सिर में छह टांके लगे, जबकि उनके बेटे के सिर पर भी चार टांके लगाने पड़े। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
