एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कार्यालय जाते समय सड़क डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण अभियान का निरीक्षण किया

0
WhatsApp Image 2026-07-06 at 10.07.54 PM

सीएम धामी के हरित विजन को एमडीडीए दे रहा गति : एक लाख पौधों से बदलेगी दून की तस्वीर

देहरादून 07 जुलाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरित उत्तराखंड विजन को साकार करने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी को अधिक हरा-भरा बनाने का अभियान तेज कर दिया है।

प्राधिकरण ने इस वर्ष एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसी क्रम में सोमवार को एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कार्यालय जाते समय सड़क डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण अभियान का निरीक्षण किया और कर्मचारियों के साथ स्वयं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पौधरोपण की प्रगति, पौधों की गुणवत्ता तथा उनके रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उद्यान अनुभाग के कर्मचारियों को पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष बनें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान प्राथमिकता दी जा रही है। इसी सोच के अनुरूप एमडीडीए शहर के प्रमुख मार्गों, सड़क डिवाइडरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर रहा है। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और दीर्घकालिक रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस दौरान उपाध्यक्ष ने उद्यान अनुभाग के कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि शहर को हरित बनाने की इस मुहिम में कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

एमडीडीए ने इस वर्ष एक लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, सड़क डिवाइडरों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और रिक्त भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। प्राधिकरण का उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार कर देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी प्राधिकरण की प्राथमिकता है। इसके लिए उद्यान अनुभाग को नियमित रखरखाव और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी इस अभियान में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यदि लोग लगाए गए पौधों की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें तो हरित देहरादून का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।

एमडीडीए का मानना है कि सड़क डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ वायु प्रदूषण में कमी आएगी, तापमान संतुलित रहेगा और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा।
यह अभियान आने वाले वर्षों में देहरादून की पहचान को और अधिक हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!