पौड़ी के दूरस्थ गांवों में मजबूत होगा मोबाइल नेटवर्क, डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने दिए तेज़ कार्रवाई के निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-07-09 at 6.25.18 PM

92 चिन्हित गांवों में संचार सुविधाओं के विस्तार की समीक्षा,

पौड़ी गढ़वाल, 10 जुलाई। जनपद के दूरस्थ और संचार सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और दूरसंचार सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार स्थित एनआईसी कक्ष में जिला संचार समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता में सुधार, नए मोबाइल टावरों की स्थापना, नेटवर्क विस्तार और विभिन्न विभागों एवं दूरसंचार कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के उन क्षेत्रों का सर्वेक्षण शीघ्र पूरा किया जाए जहां मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता बेहद कमजोर है या संचार सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों की सूची पहले ही दूरसंचार कंपनियों को उपलब्ध कराई जा चुकी है, वहां आवश्यक कार्ययोजना बनाकर नेटवर्क विस्तार के कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर संचार सेवाएं मिल सकें।

बैठक में बताया गया कि पंचायत राज विभाग द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में 92 गांव ऐसे चिन्हित किए गए थे जहां मोबाइल नेटवर्क बेहद कमजोर था या बिल्कुल उपलब्ध नहीं था। इनमें से अब तक 16 गांवों में मोबाइल संचार सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, जबकि 8 स्थानों पर नेटवर्क विस्तार का कार्य प्रगति पर है। शेष क्षेत्रों में सर्वेक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और विद्युत आपूर्ति के अभाव के कारण जिन मोबाइल टावरों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था, वहां अब बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं और संबंधित टावर चालू कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचार सेवाओं की नियमित समीक्षा करें, स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें तथा संबंधित विभागों और दूरसंचार कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें। उन्होंने कंपनियों को भी प्रशासन के साथ प्रस्तावित एवं प्रगतिरत कार्यों की अद्यतन जानकारी साझा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

बैठक में लैंसडौन क्षेत्र में स्वीकृत दो मोबाइल टावरों की स्थापना का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कंपनियों को बिना विलंब निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारा जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क और संचार सुविधाओं का लाभ मिल सके।

संचार सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। दूरसंचार कंपनियों ने अधिकांश शिकायतों के समाधान का दावा किया, जिस पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को स्थानीय लोगों से फीडबैक लेकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्यों के दौरान ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) एवं अन्य संचार लाइनों को क्षति से बचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी विभागों और दूरसंचार कंपनियों को निर्माण कार्य शुरू होने से पहले आपसी समन्वय स्थापित करने तथा तकनीकी जानकारी साझा करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों के दौरान संचार सेवाएं प्रभावित न हों।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट, बीएसएनएल के जेटीओ सुमित शर्मा, डीडीए के सहायक अभियंता रणवीर सिंह, नगर पालिका परिषद पौड़ी के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित जनपद के सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!