एसएसपी श्वेता चौबे की सख्ती से नशा तस्करों में हड़कंप, ‘ऑपरेशन प्रहार’ में दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार

0
image399

कीर्तिनगर में चेकिंग के दौरान 8.95 ग्राम स्मैक बरामद, अंतरजनपदीय नेटवर्क की जांच शुरू, युवाओं तक नशा पहुंचाने की साजिश नाकाम

टिहरी गढ़वाल 11जुलाई: जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 8.95 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है, बरामद की है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम 9 जुलाई को मलेथा बैरियर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपी बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं तक स्मैक पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित डोभाल (30 वर्ष) निवासी कीर्तिनगर तथा रुद्र राणा (23 वर्ष) निवासी रुद्रप्रयाग (हाल निवासी श्रीनगर गढ़वाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने अंकित डोभाल के कब्जे से 5.17 ग्राम तथा रुद्र राणा के कब्जे से 3.78 ग्राम स्मैक बरामद की।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुंवर राम आर्य, अपर उपनिरीक्षक पंकज घनसाला, हेड कांस्टेबल नरेश राजवंशी और कांस्टेबल प्रवेश पालियाल शामिल रहे।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस, मानस पोर्टल या टोल फ्री नंबर 1933 पर दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!