चौड़ा गोल्ज्यू मंदिर के कायाकल्प की तैयारी, 40 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा

0
IMG-20260715-WA0001_copy_797x538

अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र के चौड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर का जल्द ही कायाकल्प होने की उम्मीद जगी है। मंदिर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) ने करीब 40 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। केएमवीएन के प्रस्ताव में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास, पहुंच मार्ग में सुधार व पर्यटन की दृष्टि से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की योजना शामिल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर के विकसित होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। चौड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर प्राचीन मंदिरों में शामिल है। इसे 11वीं शताब्दी के कत्यूरी अथवा चंद शासनकाल का बताया जाता है। मंदिर की स्थापत्य शैली बद्रीनाथ मंदिर से काफी मिलती-जुलती है जो इसे विशेष पहचान देती है। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अन्य गोलू देवता मंदिरों की तरह चौड़ा गोल्ज्यू मंदिर में भी श्रद्धालु स्टांप पेपर या सादे कागज पर अपनी अर्जियां लिखकर न्याय की गुहार लगाते हैं। लोगों की गहरी आस्था के कारण यह मंदिर कुमाऊं ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों के श्रद्धालुओं के लिए भी प्रमुख धार्मिक स्थल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!