डीएम नितिन भदौरिया ने तहसीलों समेत एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सौंपे जरूरी उपकरण
अमीषा भट्ट
आपदा से निपटने के लिए ऊधम सिंह नगर में बढ़ी तैयारी, आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों का हुआ आवंटनरुद्रपुर, 22 जुलाई। जनपद ऊधम सिंह नगर में आपदा के दौरान त्वरित और प्रभावी खोज, बचाव एवं राहत कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने विभिन्न विभागों को आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरण उपलब्ध कराए हैं।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने आयोजित कार्यक्रम में जिले की सभी तहसीलों, एसडीआरएफ, पुलिस विभाग तथा अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को आवश्यकता के अनुसार उपकरणों का आवंटन किया।
जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा तहसीलों के साथ ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को आवंटित उपकरणों में मिनी ड्रोन कैमरा, राफ्ट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाइट, मेगाफोन, रेस्क्यू थ्रो बैग, बैटरी एवं पेट्रोल संचालित कटर, गैस डिटेक्टर, फुल फेस मास्क और रेस्पिरेटर (गैस मास्क) सहित अन्य आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण शामिल हैं।बाढ़, अग्निकांड और गैस रिसाव जैसी आपदाओं में मिलेगी त्वरित मददजिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के दौरान समय पर की गई कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण होती है।
नए उपकरणों की उपलब्धता से बाढ़, जलभराव, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना, गैस रिसाव सहित अन्य आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और सुरक्षित एवं प्रभावी राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।उन्होंने कहा कि यह पहल जनपद की आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने के साथ ही आपदा की स्थिति में आमजन को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
संबंधित विभागों को उपकरणों का उचित रखरखाव और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया, एसडीआरएफ टीम प्रभारी अर्जुन बिष्ट, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न तहसीलों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
