एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में कांवड़ मेला-2026 को लेकर फायर सर्विस पूरी तरह सतर्क

0
IMG-20260728-WA0008_copy_717x538

अमीषा भट्ट

नरेंद्र नगर क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं पंडालों का किया गया व्यापक फायर ऑडिट, अग्नि सुरक्षा मानकों का कराया गया परीक्षण_

आगामी कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी, टिहरी गढ़वाल के निर्देशानुसार दिनांक 27 जुलाई 2026 को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्री शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में नरेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित होटलों, रेस्टोरेंटों, ढाबों तथा अस्थायी पंडालों का व्यापक फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में स्थापित प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों (Fire Extinguishers), फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं, आपातकालीन निकास मार्गों (Emergency Exit), विद्युत वायरिंग, गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग तथा अन्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया।

फायर ऑडिट के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित संचालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि कांवड़ मेले जैसे बड़े आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

इस अवसर पर होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालकों तथा कर्मचारियों को अग्निकांड की स्थिति में प्रारंभिक बचाव, प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, गैस रिसाव की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी (Evacuation) तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित सूचना देने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें अग्निशमन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

टिहरी पुलिस एवं फायर सर्विस का उद्देश्य कांवड़ मेला-2026 के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। जनपद पुलिस सभी संबंधित प्रतिष्ठानों से अपील करती है कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!