सितारगंज तहसील में विजिलेंस टीम रातभर ‘कैद’…वार्ता विफल, वरिष्ठ अधिकारी नहीं पहुंचे, तनाव जारी

0
vajalsa-tama-ka-ratabhara-bnae-rakha-bthhaka_3fbf877b858d372563dde25c945c5d3e_copy_956x538

अमीषा भट्ट

सितारगंज तहसील में विजिलेंस टीम की ट्रैप कार्रवाई के बाद विरोध शुरू हो गया। विरोध के चलते विजिलेंस टीम पूरी रात परिसर के अंदर ही फंसी रही। विजिलेंस अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के बीच कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन समाधान नहीं निकला।

सितारगंज तहसील परिसर में विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के बाद शुरू हुआ गतिरोध पूरी रात जारी रहा। कर्मचारी संगठनों के विरोध के चलते विजिलेंस टीम रातभर तहसील परिसर में ही रही। देर रात तक विजिलेंस अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के बीच कई दौर की वार्ता की कोशिश हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

वार्ता विफल रहने के कारण विजिलेंस टीम को पूरी रात परिसर के भीतर ही रुकना पड़ा।रात के दौरान जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर मध्यस्थता करने और मामले का समाधान निकालने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन देर रात तक जिले का कोई वरिष्ठ अधिकारी तहसील परिसर नहीं पहुंचा।

इससे पूरे घटनाक्रम को लेकर तनाव की स्थिति बनी रही।उधर, ट्रैप में गिरफ्तार वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा के परिजन भी रात में तहसील परिसर पहुंच गए। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा ने भी घटनाक्रम की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से वार्ता की।

इधर, विजिलेंस की कार्रवाई के विरोध में राजस्व कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। राजस्व कर्मचारी संयुक्त परिषद सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर विजिलेंस की कार्रवाई पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है।

उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।कर्मचारी संगठनों का कहना है कि राजस्व वसूली की नियमित एवं वैधानिक प्रक्रिया को रिश्वतखोरी का मामला बताकर कर्मचारियों की छवि धूमिल की जा रही है। उनका आरोप है कि बिना सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच किए कार्रवाई किए जाने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!