सेंट्रियो मॉल के सामने सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार ढही, मलबे में दबकर सचिन गंभीर घायल

0
IMG-20260818-WA0038_copy_914x538

अमीषा भट्ट

सेंट्रियो मॉल के सामने सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार ढही, मलबे में दबकर युवक गंभीर घायल

देहरादून 18 अगस्त : कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के सेंट्रियो मॉल के सामने मंगलवार को सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया।

अचानक गिरी दीवार के मलबे की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, विजय कॉलोनी निवासी विनोद (53) वहां चाय का ठेला लगाते हैं। इसी दौरान सचिन (26) पुत्र बलबीर सिंह, निवासी ग्राम रतौली, टिहरी गढ़वाल भी मौके पर बैठा हुआ था। बताया गया कि सचिन देहरादून में पासपोर्ट बनवाने के सिलसिले में आया था और इंतजार करते हुए वहां बैठा था।

इसी बीच सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। सचिन संभल पाता, इससे पहले ही वह दीवार के मलबे के नीचे दब गया। हादसे में उसका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही हाथीबड़कला पुलिस चौकी और डालनवाला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे सचिन को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया।

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला। अचानक दीवार गिरने से आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। हादसे के कारणों और दीवार की स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जांच की जा रही है।

फिलहाल घायल सचिन का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे ने एक बार फिर शहर में जर्जर अथवा कमजोर निर्माणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed