चीनी की बढ़ती कीमतों और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

0
IMG-20260822-WA0043_copy_956x538

अमीषा भट्ट

चीनी की बढ़ती कीमतों और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

चीनी की बढ़ती कीमतों और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा, “वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया चीनी, पी गया तेल।” प्रदर्शन को देखते हुए पेट्रोल पंप के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण पेट्रोल वाहनों के इंजन प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के उपयोग के चलते चीनी उत्पादन पर भी असर पड़ा है, जिसके परिणामस्वरूप चीनी की कीमतों में तेजी आई है।

धस्माना ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “मोदी सरकार ने पहले नागरिकों की थाली से भोजन छीना और अब गरीब की प्याली से चाय की मिठास भी छीन ली है।

उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस उत्तराखंड में महंगे पेट्रोल और चीनी की बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन को जनपद, शहर, ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर तक ले जाकर प्रदर्शन और धरने आयोजित किए जाएंगे।

प्रदर्शन में प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed