हरक सिंह रावत ने अंकिता भंडारी को दी श्रद्धांजलि, बोले- CBI जांच और VIP पहलू से जुड़े सवालों के जवाब जरूरी
अमीषा भट्ट
अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर महिला कांग्रेस ने जलाया न्याय का दीप
कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि, हरक सिंह रावत बोले- सीबीआई जांच और कथित वीवीआईपी पहलू से जुड़े सवालों के जवाब जरूरी
देहरादून, 19 सितंबर। अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर शुक्रवार को देहरादून में महिला कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम और कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने अंकिता की स्मृति में न्याय का दीप जलाया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने और मामले से जुड़े तमाम सवालों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से जवाब सामने लाने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत भी पहुंचे। उन्होंने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि घटना को चार वर्ष बीत जाना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय मिलने के साथ ही मामले से जुड़े प्रत्येक सवाल का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जवाब सामने आना चाहिए।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि सीबीआई जांच को लेकर प्रदेश की जनता के मन में यह सवाल है कि जांच किस स्तर तक पहुंची है और उसका निष्कर्ष क्या रहा। उन्होंने कहा कि मामले में सामने आए कथित वीवीआईपी पहलू और अंकिता की ओर से कथित तौर पर ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ को लेकर कही गई बातों की सच्चाई भी जांच के माध्यम से सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना के बाद रिजॉर्ट में हुई कार्रवाई को लेकर उठे सवालों का भी तथ्यात्मक जवाब मिलना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी न्याय की लड़ाई को किसी दल या राजनीति तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। यह प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता के परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, तब तक इस मुद्दे पर आवाज उठती रहनी चाहिए।
अंकिता की चौथी बरसी पर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी श्रद्धांजलि और न्याय की मांग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। देहरादून में गांधी पार्क से घंटाघर तक भी न्याय यात्रा निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
कैंडल मार्च में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिनव थापर, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, पार्षद अरविंद गुप्ता, पार्षद आयुष गुप्ता, रॉबिन, विधानसभा अध्यक्ष/उपाध्यक्ष गौरव रावत, आशा मनोरमा शर्मा, पुष्पा पवार, विदित प्रसाद भट्ट ‘बंटू’ और अंजू भारती समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
