जूही बब्बर सोनी ने ‘विद लव आपकी सैयारा’ के जरिए महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सरोकारों को मंच पर किया जीवंत

0
IMG-20260918-WA0081_copy_958x538

अमीषा भट्ट

दर्शकों के दिल को झकझोर गई ‘सैयारा’

देहरादून, 19 सितंबर। महिला सशक्तीकरण और समाज में महिलाओं की स्थिति से जुड़े संवेदनशील सवालों को मंच पर जीवंत करती नाट्य प्रस्तुति ‘विद लव आपकी सैयारा’ ने शुक्रवार को देहरादून के दर्शकों को भावुक कर दिया। मशहूर रंगकर्मी जूही बब्बर सोनी की दमदार प्रस्तुति ने दर्शकों को कभी गुदगुदाया तो कभी गंभीर सामाजिक मुद्दों पर सोचने के लिए मजबूर किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले नाटक के दौरान ऑडिटोरियम में दर्शक पूरी तरह कहानी से जुड़े रहे।

सर्वे चौक के समीप स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग और दून विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में नाटक का मंचन किया गया। नादिरा जहीर बब्बर की परिकल्पना पर आधारित इस नाटक को जूही बब्बर सोनी ने लिखा, निर्देशित और अभिनीत किया है। नाटक के अब तक देशभर में 130 से अधिक शो हो चुके हैं।

प्रस्तुति में महिला जीवन के विभिन्न पहलुओं, उसके संघर्ष, भावनाओं और सामाजिक परिस्थितियों को प्रभावी ढंग से सामने रखा गया। जूही बब्बर सोनी ने अपने अभिनय के माध्यम से किरदार के अलग-अलग भावों को जिस सहजता और प्रभाव के साथ प्रस्तुत किया, उससे दर्शक अंत तक मंच से जुड़े रहे। हास्य, संवेदना और गंभीर सामाजिक संदेश का संतुलन नाटक की खासियत रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे शानदार बताया। उन्होंने जूही बब्बर सोनी और उनकी पूरी टीम को दून विश्वविद्यालय में भी इस नाटक की प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम में सरदार भगवान सिंह विश्वविद्यालय के चेयरमैन एसपी सिंह, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना और प्रसिद्ध रंगकर्मी आलोक उल्फत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संस्कृति विभाग के उपनिदेशक शेखर प्रकाश पटवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अजीत कुमार ने किया। आयोजन में राकेश मैठाणी, जागृति सहित अन्य लोगों ने विशेष सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed