जोशीमठ में ₹115 करोड़ की सीवरेज एवं पेयजल परियोजना इसी माह होगी शुरू, जिलाधिकारी ने दिए समयबद्धता के निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-09-19 at 4.59.09 PM (1)

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार (19 सितंबर 2026) को जोशीमठ सीवरेज एवं पेयजल परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत कार्यों की प्रगति, भूमि चयन, विभागीय अनुमतियों और निर्माण तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस परियोजना के अंतर्गत जोशीमठ क्षेत्र में 3,858 सीवरेज कनेक्शन और 2,701 पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही 4 नए पेयजल टैंकों का निर्माण, पुराने टैंकों की रेट्रोफिटिंग, 3 MLD क्षमता का एसटीपी (STP) प्लांट और हाउसहोल्ड सर्विस कनेक्शन से जुड़े काम किए जाएंगे। परियोजना के सभी कार्यों को मार्च 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी विभागों से जरूरी एनओसी और अनुमतियां प्राथमिकता पर लेते हुए निर्माण कार्य शुरू करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा मार्ग पर निर्माण के दौरान विभागों में पूर्ण समन्वय रहे, ताकि स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। इसके अलावा सड़कों पर खुदाई, पाइपलाइन बिछाने और रोड रेस्टोरेशन (सड़क मरम्मत) का कार्य साथ-साथ करने के निर्देश दिए गए ताकि सड़कें लंबे समय तक बाधित न रहें।

एसटीपी प्लांट व अन्य निर्माण कार्यों के लिए भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराकर सुरक्षित भूमि चयन करने तथा मलबे के निस्तारण के लिए नियमानुसार डंपिंग जोन तय करने के निर्देश उपजिलाधिकारी जोशीमठ को दिए गए। साथ ही जल संस्थान को निर्देशित किया गया कि कार्य के दौरान वर्तमान पेयजल आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित यूयूएसडीए (UUSDA), जल निगम और सिंचाई विभाग के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed