अभिनव थापर बोले- ‘जन की बात’ से निकलेगा समाधान का रोडमैप, प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री का मुद्दा उठाया

0
IMG-20261005-WA0031_copy_807x538

अमीषा भट्ट

अभिनव थापर बोले- ‘जन की बात’ से निकलेगा समाधान का रोडमैप

प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री का मुद्दा गरमाया

स्थानीय जनता से सीधा संवाद कर समस्याओं को प्राथमिकता से चिन्हित करने का दावा, अस्पताल, शिक्षा, पेयजल और जलभराव के मुद्दे भी उठे

देहरादून 06 अक्टूबर: कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर विंग-3 में आयोजित ‘जन की बात, अभिनव थापर के साथ’ कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

एमडीडीए पार्क के सामने स्थित बारात घर में हुए कार्यक्रम में जनता से सीधा संवाद करते हुए विस्थापितों की रजिस्ट्री, सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं, शिक्षा, नालों की सफाई, पेयजल और जलभराव समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और मातृशक्ति को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि ‘जन की बात’ का उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए प्राथमिकताएं तय करना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से मिले सुझावों और समस्याओं के आधार पर समाधान का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

थापर ने प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री को प्रमुख जनमुद्दा बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 17 रजिस्ट्रियां कराकर इस दिशा में काम शुरू किया गया था, लेकिन पिछले एक दशक में यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने कहा कि ‘जन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से इस समस्या की वास्तविक स्थिति को समझकर इसके समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं, शिक्षा, नालों की सफाई, पेयजल और जलभराव जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं। इन सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनके समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है।

अभिनव थापर ने कहा कि कैंट विधानसभा में लंबे समय से भाजपा का राजनीतिक प्रतिनिधित्व रहा है, इसके बावजूद क्षेत्र की कई मूलभूत समस्याएं आज भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं को केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रखने के बजाय जनता के साथ सीधे संवाद के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखे। थापर ने कहा कि जनता की बात को प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर संबंधित मुद्दों पर व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन प्रेमनगर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष कैलाश वाल्मीकि ने किया। इस दौरान प्रेमनगर कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, वाल्मीकि सेवा समिति अध्यक्ष आशीष देसाई, मांगेराम, अनूप शर्मा, ललिता शर्मा, चंद्रमोहन शर्मा, भुवनेश तलवार और सुरेंद्र लांबा समेत क्षेत्र के वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed