बॉबी पंवार के नेतृत्व में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग पर राज्य स्वराज पार्टी का प्रदर्शन, सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
अमीषा भट्ट
दिनांक: 06 नवंबर 2026
*दिवंगत अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उनके माता-पिता के सम्मान की मांग को लेकर राज्य स्वराज पार्टी का प्रदर्शन; सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल, जगह-जगह रोके गए कार्यकर्ता*
दिवंगत अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ राजघाट पर हुई घटना के विरोध में तथा केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के समक्ष अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय और उनके परिवार के सम्मान से जुड़े मुद्दों को उठाने के उद्देश्य से राज्य स्वराज पार्टी द्वारा शुक्रवार को देहरादून स्थित महानगर कार्यालय से विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वहीं, विकासनगर, हरिद्वार, ऋषिकेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से देहरादून आ रहे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि प्रदेशभर से हमारे साथी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उनके माता-पिता के सम्मान की आवाज बुलंद करने के लिए आ रहे थे, लेकिन उन्हें जगह-जगह रोक दिया गया। विकासनगर, हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले कार्यकर्ताओं को भी आगे नहीं बढ़ने दिया गया। आखिर धामी सरकार को इतना डर किस बात का है? हम किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठा रहे हैं।
पार्टी के उपाध्यक्ष त्रिभुवन चौहान ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता के सम्मान और न्याय की मांग पूरे प्रदेश की संवेदनाओं से जुड़ा विषय है। लोकतंत्र में जनता को अपनी बात रखने, सवाल पूछने और शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार है। जब लोग न्याय की मांग लेकर सामने आते हैं, तो सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए, न कि उन्हें रास्ते में रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वाली सरकार को सबसे पहले लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करना चाहिए।
राज्य स्वराज पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने कहा कि अंकिता भंडारी केवल एक परिवार की बेटी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उसके माता-पिता आज भी अपनी बेटी के लिए न्याय और अपने सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे समय में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके साथ खड़ा हो। उन्होंने कहा कि राजघाट पर अंकिता के माता-पिता के साथ हुई घटना ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। राज्य स्वराज पार्टी की मांग स्पष्ट है कि अंकिता भंडारी को न्याय मिले, उनके माता-पिता को सम्मान और सुरक्षा मिले तथा प्रकरण से जुड़े सभी सवालों का निष्पक्ष जांच के माध्यम से जवाब दिया जाए।

इस प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बॉबी पंवार, उपाध्यक्ष त्रिभुवन चौहान, कार्यकारी महासचिव राजेंद्र भट्ट, भरत रावत, महानगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, , देवेंद्र बिष्ट, कैप्टन पूरन सिंह रावत, मुकेश चौहान. वाणी, ललित श्रीवास्तव, अमित अग्रवाल, जसपाल चौहान, मन्नू राणा, नवीन चौहान, दिव्यांश बिष्ट, इमरान, सतेन्द्र राणा, घनश्याम, एहसान अली, सहजाद, विवेक राजपूत, दिव्यांश असवाल, सुमन हांडा, कोमल अग्रवाल, उर्वशी, आरती, संगीता अग्रवाल, मिनाशी शर्मा, आकाश, नितेश, अविनास चमोली सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
