उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने किया राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का निरीक्षण, 1200 से अधिक स्थानों पर परखी गई तैयारियां

0
IMG-20261128-WA0030_copy_807x538

अमीषा भट्ट

*कहा-सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान साहस, धैर्य, समन्वय और संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल*

*1200 से अधिक स्थानों पर हुई माॅक ड्रिल*

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित किए जा रहे आपदा प्रबंधन दिवस के तहत शनिवार को उत्तराखण्ड में राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। राज्यव्यापी इस अभ्यास में राज्य स्तर के साथ ही सभी 13 जनपदों तथा तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों ने प्रतिभाग किया। 
मा. आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मा. मंत्री श्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है

इस अभियान ने यह संदेश दिया कि कठिन से कठिन आपदा की स्थिति में यदि सभी एजेंसियां एकजुट होकर स्पष्ट रणनीति और समन्वय के साथ कार्य करें तो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का अवसर है। मॉक अभ्यास इसी उद्देश्य को धरातल पर परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इससे यह पता चलता है कि हमारी व्यवस्थाएं वास्तविक आपदा की स्थिति में कितनी तत्परता से काम कर सकती हैं। मा. मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और यहां विभिन्न प्रकार की आपदाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में आपदा से पहले की तैयारी, समय पर सूचना, त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मॉडल की चर्चा आज पूरे देश में होती है। राज्य ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं विकसित की हैं और लगातार अपनी क्षमता को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और चुनौतियों का गंभीरता से विश्लेषण किया जाए तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए।


उन्होंने कहा कि राज्य में एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग तथा डेटा आधारित जोखिम आकलन जैसी आधुनिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है, जिससे संभावित खतरों का समय रहते सटीक आकलन कर जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित करने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सशक्त बनाया गया है तथा अर्ली वार्निंग सिस्टम को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों तक समय पर चेतावनी पहुंचाई जा सके।


आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि) रघुवीर सिंह भण्डारी, सचिव श्री विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव श्री प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीआईजी श्री राजकुमार नेगी, कमाण्डेंट एसडीआरएफ श्री अजय गणपति, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिनेश कुमार पुनेठा आदि उपस्थित रहे।

*एसईओसी ड्यूटी प्रभारी के दायित्वों पर आधारित एसओपी का विमोचन*

  मा. मंत्री श्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि एसईओसी आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां कार्यरत अधिकारियों एवं कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एसओपी के माध्यम से उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को और अधिक स्पष्ट एवं व्यवस्थित किया गया है।

*1200 से अधिक स्थानों पर हुई माॅक ड्रिल*
 सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर मॉक अभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जबकि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान कुल 1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया एवं तैयारियों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही 3,000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को आपदा से बचाव, तैयारी एवं सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ एवं प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रमों का शनिवार को समापन हो गया है।

*अत्याधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र*
मा. मंत्री श्री मदन कौशिक ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग तथा भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली एवं आपदा के दौरान उनके उपयोग के संबंध में जानकारी ली तथा आधुनिक तकनीक और उपकरणों के माध्यम से राज्य की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया।

प्रदर्शनी में विशेष रूप से एनडीआरएफ द्वारा सीबीआरएनई (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल, परमाणु एवं विस्फोटक) आपदाओं में उपयोग किए जाने वाले अत्याधुनिक उपकरण आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अतिरिक्त डीप डाइविंग सेट, नाइट विजन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा, विभिन्न प्रकार के हाइड्रोलिक कटर, अंडरवाटर कम्युनिकेशन सिस्टम, अंडरवाटर ड्रोन तथा सोनार सिस्टम सहित अनेक आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।

*विभिन्न आपदा परिदृश्यों पर हुआ व्यापक मॉक अभ्यास*
चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान राज्यभर में विभिन्न आपदा परिदृश्यों को आधार बनाकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। भूकंप के परिदृश्य में भवनों के क्षतिग्रस्त होने, लोगों के मलबे में फंसे होने तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। भूस्खलन एवं सड़क अवरोध के परिदृश्य में मार्ग बाधित होने, प्रभावित लोगों तक पहुंच बनाने तथा सड़क मार्ग को सुचारू करने की कार्रवाई का परीक्षण किया गया।

बाढ़, अतिवृष्टि एवं बादल फटने की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती तथा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास हुआ। जंगल की आग एवं अग्निकांड के परिदृश्यों में आग पर नियंत्रण, प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने तथा अग्निशमन एवं अन्य विभागों के समन्वय की तैयारियों को परखा गया।

इसके साथ ही नदी में डूबने, सड़क दुर्घटना तथा सुरंग एवं निर्माण स्थल पर दुर्घटना जैसे परिदृश्यों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया। इसके साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़, बिजली गिरने से जनहानि, बांध अथवा जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने तथा आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने जैसे परिदृश्यों पर भी संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया एवं तैयारियों को परखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed