तुंगनाथ धाम के पुजारी अभिषेक मैठाणी ने रुद्रप्रयाग पुलिस का जताया आभार, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए तृतीय केदार के कपाट

0
IMG-20261106-WA0038_copy_303x538_1

अमीषा भट्ट

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के चोपता क्षेत्र में समुद्रतल से लगभग 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित विश्वप्रसिद्ध तृतीय केदार भगवान श्री तुंगनाथ धाम के कपाट 6 नवंबर 2026 को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ वर्ष 2026 की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इस दौरान मंदिर के पुजारी एवं वेदपाठी अभिषेक मैठाणी ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार सभी विधियां पूरी कराईं।


कपाट बंद होने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली का पहला रात्रि प्रवास चोपता में होगा। 7 नवंबर को डोली भनकुण्ड पहुंचेगी और 8 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री मर्कटेश्वर मंदिर मक्कूमठ में विराजमान होगी। इसके बाद शीतकाल में भगवान तुंगनाथ की नियमित पूजा-अर्चना मक्कूमठ में ही संपन्न होगी।

वहीं, इस अवसर पर तुंगनाथ धाम के पुजारी एवं वेदपाठी अभिषेक मैठाणी ने यात्रा सीजन के दौरान बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के सहयोग और सुगम यात्रा संचालन के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छह माह की यात्रा अवधि के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस के जवानों ने दिन-रात मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


अभिषेक मैठाणी ने विशेष रूप से 15 जून को आयोजित वृहद स्वच्छता अभियान में ऊखीमठ पुलिस बल की सक्रिय सहभागिता और सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद कोतवाली ऊखीमठ सहित पूरे पुलिस बल ने हर परिस्थिति में तत्परता के साथ सहयोग किया।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सहित समस्त पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए आगामी यात्रा सत्र में भी इसी सेवा भावना के साथ बाबा के धाम में जनसेवा करने की कामना की।


इस अवसर पर मंदिर के पुजारी अभिषेक मैठाणी, अन्य पुजारीगण, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऊखीमठ मनोज नेगी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान तुंगनाथ के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया और कपाट बंद होने की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के साक्षी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed