एसएसपी प्रमेंद डोभाल के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, जिलाबदर अपराधी आसिफ विकासनगर से गिरफ्तार

0
IMG-20260727-WA0038_copy_538x538_1

अमीषा भट्ट

जिलाबदर अपराधी को दून पुलिस ने दबोचा, चोरी की वारदात की फिराक में था आरोपीऑपरेशन प्रहार के तहत विकासनगर पुलिस की कार्रवाई, छह माह के लिए जिलाबदर किए गए आरोपी को समय से पहले जिले में घुसने पर गिरफ्तार किया गया देहरादून, 31 जुलाई :

एसएसपी प्रमेंद डोभाल देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत दून पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने एक जिलाबदर घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।

आरोपी को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर छह माह के लिए जनपद से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वह निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही जिले की सीमा में प्रवेश कर आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी प्रक्रिया में आरोपी आसिफ पुत्र राशिद निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। जिला मजिस्ट्रेट देहरादून के आदेश पर उसे 4 मई 2026 को छह माह के लिए जनपद की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश देते हुए जिलाबदर किया गया था।

29 जुलाई की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जिलाबदर आरोपी आसिफ विकासनगर क्षेत्र में वापस आ गया है और किसी आपराधिक वारदात, विशेषकर चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिनेमा गली, विकासनगर क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 की धारा 3(1)/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!