सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत ने जन संवाद में कुछ शिकायतों का किया मौके पर ही निस्तारण
अमीषा भट्ट
जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और आमजन ने सड़क, पेयजल, मुआवजा, गौशाला निर्माण समेत कई समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जन संवाद में कुल 15 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की 117 शिकायतें लंबित
जन संवाद के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 103 और एल-2 स्तर पर 14 शिकायतें, यानी कुल 117 शिकायतें लंबित पाई गईं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने और पोर्टल पर कार्रवाई की अद्यतन स्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के साथ ही संबंधित शिकायतकर्ता को फोन के माध्यम से की गई कार्रवाई और समाधान की जानकारी भी दी जाए।
सड़क और सुरक्षा से जुड़ी मांगें प्रमुख
जन संवाद में चौरिया क्षेत्र के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज चौरिया, विकासखंड जखोली में निर्माणाधीन पुस्ते के ऊपर सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग उठाई। वहीं ग्राम पोखरी निवासी राजन कुमार ने ग्राम पंचायत पोखरी के अंतर्गत रतूड़ा से गथवाड़ू और माली तोक तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग रखी।
इसके अलावा ग्रामीणों ने गौशाला निर्माण, मुआवजा, सड़क, पेयजल समेत अन्य समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जन संवाद में प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, एसडीएम जखोली भगत सिंह फोनिया, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. पारुल गोयल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
