वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा-अर्चना
महादेव को समर्पित की 1.5 क्विंटल की घंटी, कन्यापूजन कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा
अल्मोड़ा, 17 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा स्थित प्रसिद्ध वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री वृद्ध जागेश्वर धाम में डेढ़ क्विंटल (1.5 क्विंटल) की विशाल घंटी भी समर्पित की। इसके साथ ही मंदिर परिसर में कन्यापूजन कर कन्याओं को प्रसाद वितरित किया।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के प्रमुख और प्राचीन शिवधामों में से एक है।
यह धाम अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए उनकी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत किया जाए।पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वृद्ध जागेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं।इस अवसर पर जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
