निर्माणाधीन एआरटीओ कार्यालय भवन का डीएम प्रशांत आर्य ने किया औचक निरीक्षण, देरी पर जताई नाराजगी
उत्तरकाशी, 06 जून। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को निर्माणाधीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय भवन परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण, ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का मौके पर जायजा लिया।
निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित समयसीमा के बावजूद कई महत्वपूर्ण कार्य अभी तक पूरे नहीं हो पाए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था और विभागीय अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम प्रशांत आर्य ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के अधूरे कार्यों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और तत्काल कार्य गति बढ़ाने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि परियोजना में आगे भी देरी होती है तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद परियोजना के हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही या शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि एआरटीओ कार्यालय भवन परिसर और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के शुरू होने से परिवहन विभाग की सेवाओं में पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता बढ़ेगी। इससे आम जनता को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध होंगी।
