डीएम विशाल मिश्रा व एसपी नीहारिका तोमर ने केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षाबलों को किया ब्रीफ
यात्रा से पहले सुरक्षा, स्वास्थ्य व क्राउड मैनेजमेंट पर सख्त निर्देश, समन्वय से काम करने पर जोर
रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कपाट खुलने से पूर्व धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षाबलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एटीएस सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त ब्रीफिंग करते हुए टीम वर्क और समन्वय पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि बाबा केदार की यात्रा में सेवा का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है, इसलिए सभी सुरक्षाकर्मी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग की जानकारी देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय को यात्रा की सफलता का प्रमुख आधार बताया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने हेलीपैड, होटल, टेंट, दुकानों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं बदरी-केदार मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाएं, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
