दून एयरपोर्ट होगा और हाईटेक, बनेगी नई आधुनिक ATC बिल्डिंग
देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं को और सुरक्षित व आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। एयरपोर्ट परिसर में नई एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) बिल्डिंग और तकनीकी ब्लॉक के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। नई सुविधा के शुरू होने के बाद विमानों की निगरानी और संचालन पहले से अधिक सटीक व सुरक्षित हो सकेगा।
अधिकारियों के अनुसार मौजूदा एटीसी सिस्टम में भी आधुनिक ऑटोमेशन और सर्विलांस तकनीक जोड़ी जाएगी, जिससे एयर ट्रैफिक प्रबंधन की क्षमता बढ़ेगी। बढ़ते हवाई यातायात और यात्रियों की संख्या को देखते हुए यह परियोजना भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मानी जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन का लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को पूरा करना है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित हवाई सेवाएं मिल सकें।
