द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में जल्द होगी नियमित कुलसचिव की नियुक्ति: डॉ. धन सिंह रावत
द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज को जल्द मिलेगा नियमित कुलसचिव
बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान, द्वाराहाट को जल्द ही नियमित कुलसचिव मिलने की उम्मीद है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्राविधिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि संस्थान में नियमित कुलसचिव की नियुक्ति जरूरी है, ताकि प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें और छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

डॉ. रावत ने अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान में नियमित कुलसचिव न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तकनीकी शिक्षा निदेशक को निर्देश दिए कि कुलसचिव पद पर नियुक्ति के लिए एक सप्ताह के भीतर विज्ञप्ति जारी की जाए।
मंत्री ने कहा कि नियमित कुलसचिव न होने से संस्थान के प्रशासनिक कामकाज में बाधा आ रही है। इसका असर विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। इसलिए इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाना जरूरी है।
पॉलीटेक्निक छात्रावासों के नवीनीकरण पर जोर
बैठक में प्रदेश के विभिन्न पॉलीटेक्निक कॉलेजों के छात्रावासों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। कई छात्रावासों में मरम्मत और नवीनीकरण कार्य लंबित पाए जाने पर डॉ. रावत ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने निर्देश दिए कि छात्रावासों में चल रहे सभी मरम्मत और नवीनीकरण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि छात्रों को बेहतर वातावरण मिल सके।
खेल सुविधाओं और मूलभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश
डॉ. रावत ने पॉलीटेक्निक संस्थानों में खेल मैदानों के विकास, खेल सामग्री की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी बढ़ावा देना आवश्यक है।
हर जनपद में बनेगा मॉडल पॉलीटेक्निक संस्थान
समीक्षा बैठक में प्रत्येक जनपद में एक-एक मॉडल पॉलीटेक्निक संस्थान विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. रावत ने कहा कि तकनीकी शिक्षा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण मिल सके।
उन्होंने विभाग के अंतर्गत संचालित पॉलीटेक्निक कॉलेजों और अन्य तकनीकी संस्थानों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पदोन्नति के पात्र कार्मिकों को समयबद्ध रूप से पदोन्नत करने को भी कहा।
निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज, उप सचिव ब्योमकेश दुबे, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पांडेय सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
