तेज आंधी से बिजली आपूर्ति ठप, कई क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित
रात करीब 12 बजे आई तेज आंधी के कारण शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर पेड़ बिजली लाइनों और पोल पर गिर गए, जिससे करीब 14 घंटे बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी।
रात करीब 12 बजे आई तेज आंधी के कारण शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर पेड़ बिजली लाइनों और पोल पर गिर गए, जिससे करीब 14 घंटे बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी।
ऋषिकेश। बृहस्पतिवार देर रात आई तेज आंधी ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी के कारण कई जगह पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर गए, जिससे एलटी और एचटी लाइन के पोल व तार क्षतिग्रस्त हो गए।
आवास विकास, आईडीपीएल, गुमानीवाला, बाइपास मार्ग और छिद्दरवाला क्षेत्र में 11 केवी और 33 केवी लाइनों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के अधिकारी और ठेकेदार के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और रातभर लाइनों से पेड़ हटाने व मरम्मत का काम किया।
बिजली गुल होने से आवास विकास, सुमन विहार, बापूग्राम, गीतानगर, मीरानगर, आईडीपीएल, गुमानीवाला, इंदिरानगर, शैल विहार, आईएसबीटी और चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप सहित कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली बाधित रहने के कारण कई जगह पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
लगातार प्रयासों के बाद करीब 14 घंटे बाद अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु की जा सकी।
