एसपी नीहारिका तोमर ने केदारनाथ यात्रा द्वितीय चरण से पहले रुद्रप्रयाग से गौरीकुण्ड तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अमीषा भट्ट
*केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण को लेकर एसपी रुद्रप्रयाग ने रुद्रप्रयाग से गौरीकुण्ड तक यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण।*
*पार्किंग, शटल व्यवस्था एवं यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश।*
श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण के प्रारम्भ होने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा आज दिनांक 12 सितम्बर 2026 को जनपद मुख्यालय रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग एवं गौरीकुण्ड तक के सम्पूर्ण यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस टीम के साथ यात्रा मार्ग की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं, पार्किंग स्थलों, शटल व्यवस्था तथा मानसून के दौरान प्रभावित हुए मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीतापुर, सोनप्रयाग सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों तथा अस्थायी एवं शटल पार्किंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। यात्रा के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सम्बन्धितवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
मानसून के दौरान वर्षा के कारण यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर मलबा एवं पत्थर आने से उत्पन्न हुई परिस्थितियों को लेकर भी पुलिस अधीक्षक द्वारा स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने बताया कि ऐसे स्थानों पर मलबा एवं पत्थर हटाने का कार्य तत्काल कराया जा रहा है तथा अवरुद्ध मार्गों को लगातार खोला जा रहा है, ताकि यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
यात्रा मार्ग को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए एनएच एवं लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। मानसून के कारण क्षतिग्रस्त अथवा प्रभावित हुए मार्गों पर आवश्यक मेंटेनेंस एवं सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा स्थानीय लोगों एवं यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भी संवाद किया गया तथा यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों एवं यात्रियों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित करना पुलिस की प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन के सहयोग से अन्य विभागों के साथ निरन्तर समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
आज के निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक कैलाश शर्मा, एसएचओ सोनप्रयाग सुरेश बलूनी, एसएचओ गुप्तकाशी राकेश कुमार सहित सम्बन्धित थाना व चौकियों पर उपस्थित पुलिस बल मौजूद रहा।
