कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिला आपदा परिचालन केंद्र का किया औचक निरीक्षण
मानसून सीजन में 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश, हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहाअल्मोड़ा, 18 जुलाई 2026। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को अल्मोड़ा स्थित जिला आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए मानसून अवधि में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आपदा संबंधी सूचनाओं के प्राप्त होने, उनके अभिलेखीकरण, संधारण तथा समयबद्ध कार्रवाई से संबंधित विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों से आपदा संबंधी सूचनाओं के संकलन और उनके आधार पर की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी भी ली।कुमाऊं आयुक्त ने निर्देश दिए कि मानसून सीजन को देखते हुए जिला आपदा परिचालन केंद्र 24 घंटे अलर्ट मोड पर सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई की जाए और संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में सूचना का सही समय पर प्राप्त होना, उसका व्यवस्थित अभिलेखीकरण और संबंधित विभागों तक तत्काल पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आपदा से जुड़ी सभी सूचनाओं और कार्रवाई का रिकॉर्ड व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निर्णय लिया जा सके।नए बैठक कक्ष के निर्माण कार्य का भी लिया जायजानिरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने जिला आपदा परिचालन केंद्र में निर्माणाधीन नए बैठक कक्ष का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि बैठक कक्ष के निर्माण से आपदा प्रबंधन से संबंधित बैठकों, समीक्षा और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
आयुक्त ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा।इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
