त्योहारों से पहले नगर आयुक्त सख्त, देहरादून में सफाई व्यवस्था की लापरवाही पर जताई नाराजगी; सुपरवाइजर को मूल पद पर भेजने के निर्देश

0
IMG-20261028-WA0102_copy_404x538

अमीषा भट्ट

आगामी त्योहारों के दृष्टिगत नगर आयुक्त ने किया शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी

डोभालवाला में सफाई सुपरवाइजर श्री मुकुल को मूल पद पर तैनात करने के निर्देश, संबंधित सफाई निरीक्षकों से स्पष्टीकरण तलब

देहरादून। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने एवं नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं सफाई निरीक्षकों की उपस्थिति में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी क्षेत्र में कूड़ा जमा होने एवं सफाई कार्यों में लापरवाही की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।

निरीक्षण प्रारम्भ डोभालवाला वार्ड से किया गया। यहां विभिन्न स्थानों पर कूड़ा पाए जाने तथा सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। सफाई व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने क्षेत्रीय सफाई सुपरवाइजर श्री मुकुल को उनके वर्तमान दायित्व से मुक्त कर मूल पद सफाई कर्मचारी पर तैनात करने के निर्देश मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।

इसके उपरांत नगर आयुक्त द्वारा कैनाल रोड, सहस्त्रधारा रोड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर रोड सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर कूड़ा पाए जाने पर नगर आयुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षको सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों, आंतरिक सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई तथा समयबद्ध कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में नगर आयुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षक श्रीमती पुष्पा रौथाण, श्रीमती राखी, श्रीमती रजनी एवं श्री विपेंद्र से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सफाई कार्यों की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सफाई निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। जहां भी कमियां पाई जाएंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शहर के किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक रूप से कूड़ा जमा न हो और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम देहरादून द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए निरीक्षण एवं निगरानी की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed