मानसून से पहले सड़कों की तैयारी तेज, प्रशासन ने दिए समयबद्ध कार्यों के निर्देश

0
image256

चम्पावत, 22 जून। मुख्यमंत्री के आदर्श चम्पावत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने मानसून से पहले सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने की दिशा में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को सभी जरूरी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

बारिश के मौसम में यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्गों, संपर्क मार्गों और ग्रामीण सड़कों पर मरम्मत और रखरखाव के कार्य तेज कर दिए गए हैं। प्रशासन विशेष रूप से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर ध्यान दे रहा है ताकि वर्षा के दौरान जलभराव और मलबा जमा होने जैसी समस्याएं कम हों।

विभिन्न मार्गों पर नालियों, कलवर्टों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई की जा रही है। साथ ही सड़कों के गड्ढों को भरने और किनारों पर उगी झाड़ियों की कटाई का काम भी प्राथमिकता से कराया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

कई प्रमुख सड़कों पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य जारी हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि मानसून के दौरान लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के संचालन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!