श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन चंबा में मनमोहक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी द्वारा किया गया सम्मानित
अमीषा भट्ट
– पुलिस कार्यालय जनपद टिहरी गढ़वाल।
दिनांक:- 07-09-2026
विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने जन्माष्टमी कार्यक्रम में दी थी सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने पुलिस कार्यालय बुलाकर शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर किया सम्मानित
छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं रिफ्रेशमेंट देकर बढ़ाया उत्साह
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन चंबा, जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए मनमोहक सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी गई थीं। छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमंत्रित अतिथियों का मन मोह लिया।
उक्त कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके शिक्षकों के उत्साहवर्धन तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 07-09-2026 को श्रीमती श्वेता चौबे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद टिहरी गढ़वाल द्वारा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को पुलिस कार्यालय टिहरी आमंत्रित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तैयार करने एवं अपनी टीम के साथ उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने में सहयोग करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पुलिस लाइन चंबा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं रिफ्रेशमेंट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना समाज एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षकों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
जन्माष्टमी कार्यक्रम में LCM ब्राइट स्कॉलर्स एकेडमी, मॉडर्न स्कॉलर्स एकेडमी, अनट्यूंड डांस एकेडमी, विद्या मंदिर चंबा एवं कार्मल स्कूल चंबा के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग कर विभिन्न प्रस्तुतियां दी गई थीं।

सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों से छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित शिक्षकगणों में श्री विजय प्रकाश उनियाल, विद्या मंदिर चंबा; श्रीमती पवना कुमारी, LCM ब्राइट स्कॉलर एकेडमी बुरांस बाड़ी चंबा; श्री पवन सुयाल, कार्मल स्कूल चंबा; श्री शिवम रावत, अनट्यूंड डांस एकेडमी चंबा एवं श्री आकाश रावत, मॉडर्न स्कॉलर्स स्कूल चंबा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ बच्चों एवं युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच आत्मीय संबंध और मजबूत होते हैं।

इस अवसर पर श्री दीपक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल, श्री महेश लखेड़ा, क्षेत्राधिकारी चंबा, श्री प्रवींद्र सिंह रावत, वाचक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,
श्री अमित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा, श्री अशोक कश्यप, पीआरओ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
