दूसरे दिन भी जारी रहा विद्यालय वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान, 45 विद्यालय वाहनों के चालान

0
IMG-20260723-WA0009_copy_404x538

अमीषा भट्ट

जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में तथा सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में विद्यालय वाहनों के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष सघन जांच अभियान दूसरे दिन भी लगातार जारी रहा। अभियान का उद्देश्य विद्यालयी बच्चों की सुरक्षित एवं संरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना तथा विद्यालय वाहनों द्वारा मोटरयान अधिनियम एवं शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन कराना है।

अभियान के दूसरे दिन परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं प्रमुख मार्गों पर संचालित स्कूल बसों एवं अन्य विद्यालय वाहनों का गहन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, लेडी अटेंडेंट की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का विस्तृत परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 45 विद्यालय वाहनों के चालान मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत किए गए। प्रमुख उल्लंघनों में फिटनेस प्रमाणपत्र का अभाव, परमिट संबंधी अनियमितताएं, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस का अभाव, अग्निशमन यंत्र एवं फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध न होना तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति सम्मिलित रही। अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विद्यालय वाहनों का संचालन केवल सभी वैध अभिलेखों एवं अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के साथ ही किया जाए। उन्हें यह भी अवगत कराया गया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में भविष्य में और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालय वाहनों के विरुद्ध बिना किसी शिथिलता के कठोर कार्रवाई की जाएगी। आज के अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी तथा परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सहित विभाग की प्रवर्तन टीम सक्रिय रूप से सम्मिलित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!