खेल मंत्री रेखा आर्या 2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ निकालेंगी 22 किमी की कांवड़ यात्रा
अमीषा भट्ट
10 अगस्त को हर की पौड़ी से वीरभद्र मंदिर ऋषिकेश तक होगी 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा
देहरादून, 04 अगस्त। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को मिलने के संकल्प के साथ विशेष कांवड़ यात्रा निकालने की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को हरिद्वार के हर की पौड़ी से ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर तक 22 किलोमीटर लंबी पैदल कांवड़ यात्रा आयोजित की जाएगी।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर श्रद्धालु और खिलाड़ी पैदल ऋषिकेश पहुंचेंगे, जहां वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जलाभिषेक के माध्यम से भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने और देश को खेलों के क्षेत्र में विश्व अग्रणी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। उनके अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपरा, खेल भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का संगम होगी।
खेल मंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड हमेशा राष्ट्रीय संकल्पों को ऊर्जा देने वाली भूमि रही है। उन्हें विश्वास है कि इस यात्रा से देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा तथा भारत के खेल भविष्य को लेकर सकारात्मक संदेश जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा में संत समाज का भी विशेष सानिध्य रहेगा। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज विभिन्न चरणों में यात्रा से जुड़ेंगे।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इस यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने सभी युवाओं, खिलाड़ियों, संत समाज और आमजन से 10 अगस्त को हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक आयोजित इस पावन कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सामूहिक संकल्प, जनसमर्थन और भगवान शिव के आशीर्वाद से भारत खेल महाशक्ति बनने और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लक्ष्य की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगा।
