नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर कृपाण से हमला, एक की मौत; नशे के आदि युवक को लेने आई थी दिल्ली की टीम
दिल्ली से नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने आई टीम पर एक युवक ने कृपाण से हमला कर दिया, जिसमें टीम के एक सदस्य की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं। नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने पहुंचे दिल्ली की एक टीम पर युवक ने कृपाण से हमला कर दिया। हमले में टीम के एक सदस्य की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के गांव आर्सल पार्सल निवासी राजेंद्र सिंह संधू की शिकायत पर उनके बेटे यशदीप सिंह संधू को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने के लिए दिल्ली से एक टीम पहुंची थी। बुधवार देर रात बाजपुर के मोहल्ला मुडिया पिस्तौर, वार्ड नंबर-5 में टीम युवक को साथ ले जाने की तैयारी कर रही थी।
इसी दौरान नशे का आदी बताए जा रहे यशदीप सिंह ने कृपाण से टीम पर हमला कर दिया।हमले में दिल्ली के गोविंदपुरी कालिका निवासी 50 वर्षीय सरबजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ की नस कट गई और पेट में भी कृपाण से वार किया गया। टीम के सदस्य उन्हें गंभीर हालत में उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कोतवाल नरेश चौहान, एसआई देवेंद्र मनराल और एसआई प्रहलाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी को काबू करने में छूटा पसीनाहमले के बाद आरोपी यशदीप सिंह खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की बातचीत के बाद उसने दरवाजा खोला जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
