समूह ‘ग’…अमित की जगह भर्ती परीक्षा में बैठा हरियाणा का साहिल, ऐसे खुला मामला
अल्मोड़ा के गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में एसएससी की भर्ती परीक्षा के दौरान हरियाणा के एक युवक ने दूसरे की जगह फर्जी तरीके से परीक्षा दी। कक्ष निरीक्षकों को संदेह होने पर पूछताछ में मामला खुला।
अल्मोड़ा के गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में आयोजित भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। परीक्षा में एक अभ्यर्थी की जगह दूसरे युवक के परीक्षा देते समय पकड़े जाने के बाद संस्थान प्रशासन की शिकायत पर सोमेश्वर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी सजीष कुमार ने कोतवाली सोमेश्वर में तहरीर देकर बताया कि शनिवार को संस्थान में एसएससी की समूह-ग (एमटीएस) एवं प्रवर श्रेणी लिपिक पदों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 12 अभ्यर्थी शामिल हुए।
परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। परीक्षा में व्यवधान न हो, इसलिए परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित युवक से पूछताछ की गई। जांच में खुलासा हुआ कि हरियाणा के जींद जिले के शाहपुर निवासी साहिल पुत्र जसवीर, कैथल जिले के तारागढ़ निवासी अमित कुमार पुत्र रमेश कुमार के स्थान पर फर्जी तरीके से परीक्षा दे रहा था। पूछताछ के दौरान साहिल ने स्वीकार किया कि वह अमित कुमार की जगह परीक्षा में शामिल हुआ था।
