श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे तीन नए हेलीपैड, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबौं, चाकीसैंण और थलीसैंण क्षेत्रों में नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन, साहसिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम और नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने हेलीपैड निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पैठाणी स्थित राहू मंदिर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को मंदिर परिसर के विकास, पार्किंग सुविधा और अन्य आवश्यक ढांचागत कार्यों की योजना तैयार करने को कहा गया।
इसके अलावा श्रीनगर-खिर्सू-पौड़ी पर्यटन सर्किट के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पाबौं और चाकीसैंण हेलीपैड का सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि थलीसैंण में सर्वेक्षण कार्य जल्द शुरू होगा।
