2 जुलाई की राज्यव्यापी मानसून मॉक ड्रिल के लिए तैयार ऊधम सिंह नगर, पांच स्थानों पर होगा आपदा प्रबंधन का रियल टाइम अभ्यास

0
image336

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने वर्चुअल बैठक में तैयारियों की समीक्षा की

सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में होगी मॉक ड्रिल

रुद्रपुर, 01जुलाई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार आगामी 2 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सचिव ने निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल का आयोजन पूरी तरह वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों में किया जाए, ताकि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संसाधनों की उपलब्धता, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की प्रभावशीलता का वास्तविक आकलन किया जा सके।

बैठक में सभी जनपदों ने लगभग तीन-तीन मिनट की पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की। ऊधम सिंह नगर की ओर से अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि जनपद में मॉक ड्रिल के लिए पांच संवेदनशील स्थानों का चयन किया गया है। इनमें काशीपुर के 20 नंबर पावर हाउस, बाजपुर के लेबरा पुल के क्षतिग्रस्त होने, रुद्रपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने, सितारगंज के बमनपुरी पुल के तटबंध टूटने तथा खटीमा की गौशाला क्षेत्र में जलभराव जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों पर आधारित अभ्यास कराया जाएगा।

इन परिदृश्यों के माध्यम से संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। प्रस्तुतीकरण में विभिन्न विभागों की भूमिका, संसाधनों की उपलब्धता और राहत व्यवस्था की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

बैठक में जनपद स्तर पर गठित इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) के सभी अधिकारी मौजूद रहे, जबकि तहसील स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इसके अलावा एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), पुलिस, पैरामिलिट्री बल और अन्य संबंधित एजेंसियों की तैनाती, जिम्मेदारियों और कार्यक्षेत्र को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी अधिकारियों और विभागों को 2 जुलाई को होने वाली राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल की पूरी रिपोर्ट और प्रस्तुतीकरण शासन स्तर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, प्रभारी अधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!