ब्रिक्स मंच पर उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल की सराहना, सिलक्यारा रेस्क्यू ने दिलाई खास पहचान
उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल को ब्रिक्स मंच पर सराहना मिली है। ओडिशा के पुरी में आयोजित ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की द्वितीय तकनीकी बैठक में उत्तराखंड की ओर से एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी और यूएलएमएमसी निदेशक शांतनु सरकार ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
बैठक में उत्तराखंड द्वारा आपदा जोखिम कम करने, पूर्व तैयारी, क्षमता विकास, तकनीकी नवाचार और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली पर प्रस्तुति दी गई। राज्य के आपदा प्रबंधन प्रयासों, विशेष रूप से सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन, को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
इस तीन दिवसीय बैठक में ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल रहे।
बैठक का उद्देश्य आपदा जोखिम न्यूनीकरण, मजबूत बुनियादी ढांचे, समुदाय आधारित पूर्व चेतावनी प्रणाली, पूर्वानुमान आधारित प्रतिक्रिया और आपदा प्रबंधन के लिए वित्तीय व्यवस्थाओं पर अनुभव साझा करना था।
