उत्तराखंड में भाजपा ने बढ़ाई चुनावी सक्रियता, वरिष्ठ नेताओं के दौरों से कार्यकर्ताओं में उत्साह

0
amishatimes-031

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा उत्तराखंड में अपनी संगठनात्मक सक्रियता लगातार बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरों के बाद अब भाजपा नेता नितिन नवीन उत्तराखंड पहुंचे हैं। उनके दौरे को पार्टी की चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

उत्तराखंड भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है। पार्टी देवभूमि में एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। इसी क्रम में केंद्रीय नेतृत्व के लगातार दौरे प्रदेश संगठन में नई ऊर्जा भर रहे हैं।

पिछले कुछ समय में भाजपा के शीर्ष नेताओं के उत्तराखंड दौरे ने कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में देहरादून पहुंचे थे। इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई।

मार्च माह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा हुआ, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी पहुंचे थे। इन कार्यक्रमों के बाद अब नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

भाजपा लगातार बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी हुई है। पार्टी नेताओं का मानना है कि केंद्रीय नेतृत्व के दौरों से कार्यकर्ताओं को दिशा और ऊर्जा मिलती है, जिसका असर चुनावी तैयारियों पर दिखाई देता है।

उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक के लक्ष्य को लेकर भाजपा अब पूरी ताकत के साथ चुनावी मोड में नजर आ रही है। आने वाले दिनों में पार्टी की संगठनात्मक बैठकों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और बूथ स्तर की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!