एक माह में पूरी होंगी कण्डारस्यूं और विडोली पेयजल योजनाएं, डॉ. धन सिंह रावत ने दिए निर्देश
देहरादून, 28 मई 2026। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए चल रही योजनाओं की प्रगति को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने कण्डारस्यूं, भीड़ा-हस्यूंडी और विडोली ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाओं को एक माह के भीतर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आम लोगों को शुद्ध और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में एनआईटी पेयजल पंपिंग योजना और जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को लेकर समस्या बनी हुई है, वहां जल्द समाधान किया जाए।
डॉ. रावत ने बताया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विडोली ग्राम समूह पेयजल पंपिंग योजना, कण्डारस्यूं, भीड़ा-हस्यूंडी और एनआईटी पेयजल पंपिंग योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रीनगर नगरीय क्षेत्र में भी पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार कर काम शुरू किया जाए।
बैठक में ढिकाल गांव पेयजल योजना की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि योजना में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करने का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद वंचित 30 गांवों में भी जल्द पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा थलीसैंण नगर पंचायत के अंतर्गत निर्माणाधीन पेयजल योजना की प्रगति की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी योजनाओं का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और दो बड़ी योजनाएं एक माह के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।
बैठक में पेयजल निगम के मुख्य अभियंता मुख्यालय संजय सिंह, मुख्य अभियंता गढ़वाल अनुपम रतन, अधीक्षण अभियंता मुहम्मद निशम, अधिशासी अभियंता नवीन बिष्ट, जल संस्थान पौड़ी के अधिशासी अभियंता टीएस रावत, सुभाष भट्ट, अर्पित मित्तल, अजय गुरुंग सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
