जिलाधिकारी ने आपदा सुरक्षा और विकास कार्यों का किया निरीक्षण, मानसून से पहले काम पूरा करने के निर्देश

0
image39

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने शनिवार को जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा सुरक्षा, बाढ़ संरक्षण और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने टनकपुर, शारदा बैराज, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, बूम और बाटनागाड़ क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी स्वीकृत कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूम और बाटनागाड़ क्षेत्रों में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चैनलाइजेशन का कार्य पूरा होने के बाद स्थायी और प्रभावी बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

शारदा नदी तट पर चल रहे कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास और सुरक्षा कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने शारदा घाट क्षेत्र में प्रस्तावित शारदा कॉरिडोर परियोजना की जमीनी स्थिति भी देखी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा किया जाए। साथ ही तहसीलदार को नियमित निरीक्षण कर प्रगति की सतत निगरानी करने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन चूका हेलीपेड का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि हेलीपेड का निर्माण कार्य अगस्त माह से पहले पूरा किया जाए। हेलीपेड परिसर में बाधा बन रहे पेड़ों के नियमानुसार निस्तारण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने पूर्णागिरि रोपवे परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। प्रोजेक्ट मैनेजर महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि परियोजना का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और मई 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी ने रोपवे निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पिंकी आर्या, एई पीडब्ल्यूडी लक्ष्मण सिंह सामंत, प्रोजेक्ट मैनेजर रोपवे महेंद्र सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!