किसाऊ बांध परियोजना को गति देने की तैयारी, गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उच्चस्तरीय समीक्षा

0
image42

देहरादून। उत्तराखंड और पड़ोसी राज्यों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाने वाली किसाऊ बांध परियोजना को आगे बढ़ाने के प्रयास तेज हो गए हैं। परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को नई दिल्ली में संबंधित राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में उत्तराखंड के मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल रहेंगे।

जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय पिछले कई महीनों से इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की प्रगति पर नजर बनाए हुए है। इसके अलावा 16 जून को गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भी इस विषय पर चर्चा करेंगे।

किसाऊ बांध परियोजना की संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। इस परियोजना की अवधारणा कई दशक पहले सामने आई थी, लेकिन पर्यावरणीय स्वीकृतियों और अन्य तकनीकी कारणों से यह लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सकी। वर्ष 2008 में इसे राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिया गया था, जिसके बाद नई डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हुई।

हाल ही में तैयार संशोधित डीपीआर के अनुसार परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 15 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है। अब इस रिपोर्ट को केंद्र सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है, जहां पर्यावरण एवं अन्य आवश्यक मंजूरियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

केंद्र सरकार की मंशा इस परियोजना को जल्द निर्माण चरण में पहुंचाने की है, जिससे क्षेत्र में जल प्रबंधन, सिंचाई और ऊर्जा उत्पादन से जुड़े कई लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!