शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को अल्मोड़ा में अंतिम विदाई, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
राजौरी में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को अल्मोड़ा में नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार विश्वनाथ घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया।
शहीद अधिकारी का पार्थिव शरीर पहले जम्मू से सेना के विमान द्वारा पंतनगर एयरपोर्ट लाया गया। इसके बाद हेलिकॉप्टर के माध्यम से अल्मोड़ा स्थित आर्मी हेलीपैड पहुंचाया गया। यहां सेना के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
हेलीपैड से पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पांडेखोला स्थित आवास ले जाया गया। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए मौजूद रहे। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा की और “भारत माता की जय” व “शहीद बीरेश्वर गोस्वामी अमर रहें” के नारे लगाए।
घर पर अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। तिरंगे में लिपटे शहीद बेटे को देखकर हर आंख नम हो गई। अंतिम यात्रा के बाद विश्वनाथ घाट पर सैन्य परंपराओं के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शहीद के चाचा और बड़े भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।
