नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन ने पूरे किए 200 दिन, कुमाऊं में भी शुरू हुआ धरना

0
image257

देहरादून/हल्द्वानी, 23 जून। उत्तराखंड में नियमित रूप से नर्सिंग भर्ती आयोजित कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार को यह आंदोलन 200वें दिन में प्रवेश कर गया। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों ने अब आंदोलन को राज्य के अन्य हिस्सों तक विस्तार देने की रणनीति अपनाई है।

नर्सिंग एकता मंच के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत हल्द्वानी के तिकोनिया पार्क में भी धरना शुरू किया गया। कुमाऊं क्षेत्र के कई जिलों से पहुंचे नर्सिंग अभ्यर्थियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने इसमें भाग लेकर भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नर्सिंग शिक्षा और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार के अवसरों से वंचित हैं। उनका आरोप है कि भर्ती को लेकर कई बार आश्वासन मिले, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

अभ्यर्थियों का मानना है कि राज्य के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग स्टाफ की आवश्यकता बनी हुई है, ऐसे में नियमित भर्ती प्रक्रिया न केवल युवाओं के लिए रोजगार का मार्ग खोलेगी बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी।

मंच के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!