सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत सीडीओ रामजी शरण शर्मा पहुंचे काँटली, पर्यटन और ग्रामीण विकास पर दिया जोर
होमस्टे और पिनाथ ट्रेक का किया निरीक्षण, सड़क, मोबाइल नेटवर्क, पेयजल और ट्रेक विकास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
अल्मोड़ा, 01 जुलाई : मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने विकासखंड ताकुला की ग्राम पंचायत काँटली का भ्रमण कर विकास कार्यों और जनसुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत में संचालित होमस्टे का निरीक्षण किया और संचालकों को पर्यटकों के लिए बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि होमस्टे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।
इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के प्रसिद्ध पिनाथ ट्रेक का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत में वर्तमान में चार होमस्टे संचालित हैं। सीडीओ ने क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं के विकास और ट्रेक मार्ग को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
ग्रामीणों के साथ आयोजित बैठक में स्थानीय लोगों ने सड़क संपर्क में सुधार, मोबाइल नेटवर्क की बेहतर सुविधा, स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षण, पिनाथ ट्रेक मार्ग के विकास, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा जल संस्थान की पेयजल पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिले।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन के इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
