“सुरक्षित समाज की मजबूत नींव—समय पर सत्यापन”

0
image391

टिहरी 10 जुलाई: एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस का सघन सत्यापन अभियान जारी, 15 दिनों में 400 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, 250 से अधिक मकान मालिकों व व्यक्तियों पर चालानी कार्रवाई

जनपद टिहरी गढ़वाल में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपदभर में सघन सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस की विभिन्न टीमें सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते निगरानी रखी जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

अभियान के दौरान पुलिस द्वारा बाहरी मजदूरों, किरायेदारों, घरेलू सहायकों, फेरी लगाने वालों एवं अन्य बाहरी व्यक्तियों के निवास और कार्यस्थलों पर पहुंचकर उनका सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे व्यक्तियों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

विगत 15 दिनों में जनपदभर में 400 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया है। वहीं, सत्यापन न कराने वाले 250 से अधिक मकान मालिकों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के अंतर्गत चालानी कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जनपद में निवास अथवा कार्य करने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति का समयबद्ध एवं अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सत्यापन अभियान अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और जनपद में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण और मजबूत होगा।

जनपदवासियों से अपील

टिहरी गढ़वाल पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि यदि उनके यहां कोई किरायेदार, बाहरी मजदूर, घरेलू सहायक, फेरी लगाने वाला अथवा अन्य बाहरी व्यक्ति निवास या कार्य कर रहा है, तो उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। समय पर सत्यापन न केवल आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

टिहरी पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!