डीएम मनीष कुमार ने किया गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण, 257 करोड़ की परियोजना में तेजी और गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश

0
IMG-20260902-WA0026_copy_956x538

अमीषा भट्ट

चम्पावत, 02 सितम्बर 2026, सूवि।

*लगभग 257 करोड़ की लागत से निर्माण किये जा रहें गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज  का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण*

*डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, कार्यों में तेजी लाने,गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश*

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बुधवार को छमानिया स्थित निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजना के विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता के साथ कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हॉस्टल ब्लॉक, टाइप-2 एवं टाइप-3 आवासीय ब्लॉक, वॉलीबॉल एवं फुटबॉल ग्राउंड, मल्टीपर्पज हॉल सहित विभिन्न खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के प्रत्येक कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों को चरणबद्ध एवं समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। यहां विकसित होने वाली आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण संसाधनों से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी लोहाघाट श्रीमती नीतू डांगर, प्रोजेक्ट मैनेजर केशव महाराज सिंह सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी, अभियंता एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed